Johar Ranchi

Ranchi and Jharkhand update

कर्नाटक में गुमला के 5 श्रमिक थे बंधक, मुख्यमंत्री ने छुड़वाया

Ranchi : सोमवार को मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन को गुमला के 5 मजदूरों के कर्नाटक के होज़पेट में फंसे होने की जानकारी मिली। साथ ही, यह भी पता चला कि काम का झांसा दे कर इन मजदूरों को कर्नाटक ले जाया गया और उन्हें वहां बंधक बना कर बंधुआ मजदूरी के लिए मजबूर किया जा रहा है।

जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने श्री सत्यानंद भोक्ता, मंत्री श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग, झारखण्ड सरकार को इन मजदूरों की सकुशल घर वापसी सुनिश्चित कराने को कहा।

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन के हस्तक्षेप एवं मंत्री श्री सत्यानंद भोक्ता के निदेश पर माइग्रेंट कंट्रोल रूम ने स्थानीय प्रशासन से संपर्क स्थापित कर इन प्रवासी श्रामिकों की वापसी का कार्य शुरू किया।

शुक्रवार, 07 जनवरी को इन सभी श्रामिकों को कर्नाटक से छुड़ा कर रांची ले आया गया। रांची पहुंचने पर इन सभी श्रामिकों का कोरोना टेस्ट करवा कर गुमला जिला प्रशासन की मदद से उनके पैतृक गांव भेजा गया।

छुड़ाए गए श्रामिकों में गुमला के कोयंजरा गांव के प्रकाश महतो, पालकोट निवासी संजू महतो, मुरकुंडा के सचिन गोप, राहुल गोप एवं मंगरा खड़िया शामिल हैं।

प्रकाश कहते हैं, “एक परिचित के झांसे में बेहतर काम की उम्मीद से हम कर्नाटक गए थे। लेकिन वहां हमसे 18-18 घंटे काम करवाया जाता था। डेढ़ महीने से वेतन भी नहीं मिला। खाना भी नहीं मिलता था। ऐसे में काम करने से मना करने पर पिटाई भी करते थे…हम सभी को सुरक्षित वापिस लाने के लिए हम सरकार का बहुत बहुत धन्यवाद करते हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *